भयभीत होकर भुशुण्डि ने आँखें मूँद लीं, फिर खोलीं तो कोसलपुर में था। मुझे देखकर राम मुस्कुराए, और उनके हँसते ही मैं तुरन्त उनके मुख में चला गया। हे पक्षिराज, भुशुण्डि कहते हैं, पेट के भीतर मैंने बहुत-से ब्रह्माण्डों के समूह देखे, एक से एक विचित्र लोक। करोड़ों चतुरानन ब्रह्मा और गौरीपति शिव, अनगिनत तारे, सूर्य और चन्द्रमा; अनगिनत यम, पर्वत, समुद्र और वन; देवता, मुनि, सिद्ध, नाग, मनुष्य, किन्नर और चारों प्रकार के चर-अचर जीव। जो न कभी देखा था, न सुना, जो मन में भी नहीं समाता, वह सब अद्भुत वहाँ देखा; उसका वर्णन कैसे हो? एक-एक ब्रह्माण्ड में मैं सौ-सौ वर्ष रहा, और इस तरह अनेक ब्रह्माण्ड देखता फिरा।