भगवान शिव गिरिजा से कहते हैं, जिस समय मैं उस पक्षी के पास गया था, वह इतिहास मैंने कह दिया। अब सुनो कि पक्षिकुल के ध्वज गरुड़ कौए के पास क्यों गए। जब रघुनाथ ने रण-क्रीड़ा की और इन्द्रजीत से अपने को बँधवा लिया, वह लीला सोचकर मुझे लाज आती है, तब नारद मुनि ने गरुड़ को भेजा। बन्धन काटकर गरुड़ चले तो गए, पर उनके हृदय में प्रचण्ड विषाद उपजा। वे बार-बार प्रभु के बन्धन पर विचार करने लगे। व्यापक, निर्मल, वाणी के स्वामी, माया और मोह से परे परमेश्वर ब्रह्म, उन्हीं का अवतार सुना था, पर वैसा प्रभाव तो कुछ देखा नहीं। जिनका नाम जपकर मनुष्य भव-बन्धन से छूट जाते हैं, उन्हीं राम को एक तुच्छ राक्षस ने नागपाश में बाँध दिया!