काकभुशुण्डि गरुड़ से कहते हैं, जब राम-प्रताप रूपी प्रचण्ड सूर्य उदित हुआ, तब उसका प्रकाश तीनों लोकों में भर गया; बहुतों को सुख हुआ और बहुतों के मन में शोक। पहले वे शोक करने वालों को गिनाते हैं। अविद्या की रात मिट गई। पाप रूपी उल्लू जहाँ-तहाँ छिप गए, और काम-क्रोध रूपी कुमुदिनी सकुचा गईं। कर्म, गुण, काल और स्वभाव रूपी चकोर अब कभी सुख नहीं पाते, और मत्सर, मान, मोह और मद रूपी चोरों का हुनर कहीं नहीं चलता। धर्म रूपी तालाब में ज्ञान और विज्ञान रूपी कमल अनेक प्रकार से खिल गए, और सुख, सन्तोष, वैराग्य और विवेक रूपी चकवे शोकरहित हो गए। वे कहते हैं, यह प्रताप-सूर्य जिसके हृदय में प्रकाश करता है, उसमें पिछले बढ़ते हैं और पहले कहे हुए नष्ट हो जाते हैं।