ब्रह्मा बोले, हे मदन का मद हरने वाले, ऐसा कीजिए कि यह उत्सव हम आँख भरकर देखें। काम को जलाकर रति को वर दिया, हे कृपासिन्धु, यह बहुत अच्छा किया। दण्ड देकर फिर कृपा करना स्वामियों का सहज स्वभाव है। पार्वती ने अपार तप किया है, अब उन्हें अंगीकार कीजिए। ब्रह्मा की विनती सुनकर और प्रभु श्रीराम की वाणी याद करके शिव ने सुख मानकर कहा, ऐसा ही हो। देवताओं ने नगाड़े बजाकर फूल बरसाए। अवसर जानकर सप्तर्षि आए, ब्रह्मा ने उन्हें तुरन्त हिमाचल के घर भेजा। वे पहले वहाँ गए जहाँ भवानी थीं और छल से भरे मीठे वचन बोले, तब तुमने नारद के उपदेश के आगे हमारी बात न सुनी, अब तुम्हारा प्रण झूठा हो गया, महेश ने काम को जला दिया।