शिव कहीं मुनियों को ज्ञान का उपदेश देते, कहीं रामगुणों का वर्णन करते। यद्यपि वे निष्काम हैं, फिर भी सर्वज्ञ भगवान भक्त के विरह से दुखी थे। ऐसे बहुत समय बीत गया, रामचरणों में नित्य नई प्रीति होती गई। शंकर का नियम, प्रेम और हृदय में भक्ति की अटल रेखा देखकर कृतज्ञ और कृपालु श्रीराम प्रकट हुए, जो रूप और शील के भण्डार और महान तेजस्वी हैं। उन्होंने बहुत प्रकार शंकर की सराहना की कि तुम्हारे बिना ऐसा व्रत कौन निभा सकता है। फिर शिव को समझाकर पार्वती के जन्म और उनकी अत्यन्त पवित्र करनी का विस्तार से वर्णन किया। अन्त में कहा, हे शिव, यदि मुझ पर स्नेह है तो मेरी विनती सुनो, जाकर शैलजा से विवाह करो, यही मुझे माँगा हुआ दे दो।