इस प्रकार स्त्रियाँ सब मनोरथ करती हैं और आनन्द उमड़ उमड़कर उनके हृदय भर देता है। सीता के स्वयंवर में जो राजा आए थे, वे चारों भाइयों को देखकर सुखी हुए और श्रीराम का निर्मल और विशाल यश कहते हुए अपने अपने घर गए। इस प्रकार कुछ दिन बीत गए; सब पुरवासी और बाराती आनन्दित रहे। फिर मंगलों का मूल लग्न का दिन आया, हेमन्त ऋतु का सुहावना अगहन मास। ग्रह, तिथि, नक्षत्र, योग और वार देखकर ब्रह्मा ने स्वयं लग्न शोधा और नारद के हाथ भेज दिया; जनक के ज्योतिषियों ने भी ठीक वही गणना की थी। यह बात सुनकर सब लोग कहने लगे कि ये ज्योतिषी तो दूसरे विधाता हैं। शकुन अनुकूल जानकर ब्राह्मणों ने विदेह से कहा कि निर्मल गोधूलि बेला सब मंगलों का मूल है।