श्रेष्ठ हाथियों पर सुन्दर अम्बारियाँ पड़ीं, जो इस प्रकार सजाई गईं कि कही नहीं जातीं। घण्टों से सुशोभित मतवाले हाथी चले, मानो सावन के बादलों की सुन्दर पाँत हो। और भी अनेक प्रकार की सवारियाँ, सुन्दर पालकियाँ और सुखासन हैं, जिन पर श्रेष्ठ ब्राह्मणों के समूह चले, मानो सब वेदों के छन्द ही शरीर धरकर चले हों। मागध, सूत, भाट और गुण गाने वाले, जो जिस योग्य थे वैसी सवारी पर चढ़कर चले। अनेक जातियों के खच्चर, ऊँट और बैल अनगिनत प्रकार की वस्तुएँ लादकर चले। करोड़ों कहार काँवरें लेकर चले; उनमें भरी वस्तुओं का वर्णन कौन करे। सब सेवक अपना अपना साज सजाकर चले। सबके हृदय हर्ष से भरे हैं और शरीर पुलकित हैं: कब हम राम और लक्ष्मण दोनों वीरों को आँख भरकर देखेंगे।