हाथी गरजते हैं, घण्टों की घोर ध्वनि है, चारों ओर रथों की घरघराहट और घोड़ों की हिनहिनाहट है। नगाड़े बादलों का भी निरादर करके गरजते हैं, अपनी पराई कोई बात कान में सुनाई नहीं देती। अटारियों पर चढ़ी स्त्रियाँ मंगल थालों में आरती लिए देख रही हैं और मनोहर गीत गा रही हैं। तब सुमन्त्र ने दो रथ सजाकर उनमें सूर्य के घोड़ों को लजाने वाले घोड़े जोते और राजा के पास ले आए; उनका वर्णन शारदा भी नहीं कर सकतीं। एक रथ राजसी साज से सजा है, दूसरा तेज से जगमगाता है। उस सुन्दर रथ पर राजा ने हर्षित होकर वसिष्ठ को चढ़ाया और फिर हर, गुरु, गौरी और गणेश का स्मरण करके स्वयं अपने रथ पर चढ़े।