तीनों भाइयों ने अनेक प्रकार का तप किया। तप देखकर ब्रह्मा पास गए और बोले, हे तात, मैं प्रसन्न हूँ, वर माँगो। रावण ने चरण पकड़कर कहा, वानर और मनुष्य इन दो जातियों को छोड़ हम और किसी के मारे न मरें। शिवजी पार्वती से कहते हैं कि मैंने और ब्रह्मा ने मिलकर उसे वर दिया, ऐसा ही हो, तुमने बड़ा तप किया है। फिर वे कुम्भकर्ण के पास गए। यदि यह दुष्ट नित्य आहार करेगा तो सारा संसार उजड़ जाएगा। तब शारदा को प्रेरित करके उसकी बुद्धि फेर दी गई और उसने छह महीने की नींद माँगी। फिर विभीषण के पास जाकर कहा, पुत्र, वर माँगो। उसने भगवान के चरणकमलों में निर्मल प्रेम माँगा।