प्रभु समझाते हैं कि रोग से व्याकुल रोगी कुपथ्य माँगे, तो वैद्य उसे नहीं देता, हे योगी मुनि, इसी प्रकार मैंने तुम्हारा हित ठान लिया है। ऐसा कहकर प्रभु अन्तर्धान हो गए। माया के वश मुनि हरि की गूढ़ वाणी न समझ सके। वे तुरन्त स्वयंवर भूमि में पहुँचे। राजा सज धजकर अपने आसनों पर बैठे थे। मुनि मन में प्रसन्न थे कि मेरा रूप इतना सुन्दर है, मुझे छोड़कर वह भूल से भी किसी और को नहीं वरेगी। मुनि के हित के लिए कृपानिधान ने उन्हें ऐसा कुरूप बना दिया था जिसका वर्णन नहीं हो सकता। यह भेद किसी ने न देखा। वहाँ शिवजी के दो गण थे, जो सब भेद जानते थे और ब्राह्मण वेष में घूम रहे थे।