प्रभु आगे कहते हैं कि मोह उसी के मन में होता है जिसके हृदय में ज्ञान और वैराग्य नहीं, आप तो ब्रह्मचर्य व्रत में लगे धीरबुद्धि हैं, आपको कामदेव क्या पीड़ा दे सकता है? नारद ने अभिमान के साथ कहा कि भगवन्, यह सब आपकी कृपा है। करुणानिधि ने मन में विचारकर देखा कि मुनि के हृदय में गर्व का भारी वृक्ष अंकुरित हो गया है। उन्होंने निश्चय किया कि उसे शीघ्र ही उखाड़ फेंकूँगा, क्योंकि सेवक का हित करना मेरा प्रण है। तब नारद हरि के चरणों में सिर नवाकर बढ़े हुए अहंकार के साथ चल दिए। श्रीपति ने अपनी माया को प्रेरित किया। उसने मार्ग में सौ योजन का नगर रच दिया, जो वैकुण्ठ से भी बढ़कर था।