शिव बोले, अज्ञानी अपना भ्रम नहीं समझते और मूर्ख प्राणी प्रभु पर मोह का आरोप करते हैं, जैसे आकाश में बादलों का परदा देखकर कुविचारी कहते हैं कि सूर्य ढक गया। हे उमा, श्रीराम के विषय में मोह वैसा ही है जैसे आकाश में अन्धकार, धुआँ और धूल दिखते हैं। विषय, इन्द्रियाँ, इन्द्रियों के देवता और जीव, ये सब एक से एक चेतन होते हैं। इन सबका परम प्रकाशक जो है, वही अनादि अवधपति श्रीराम हैं। जगत प्रकाश्य है और श्रीराम प्रकाशक हैं, वे माया के स्वामी हैं। उनकी सत्यता से जड़ माया भी मोह की सहायता से सत्य जैसी भासती है। जैसे सीप में चाँदी और सूर्य की किरणों में जल भासता है, यद्यपि वह तीनों कालों में झूठ है, फिर भी उस भ्रम को कोई हटा नहीं सकता।