जो हरि और हर से विमुख हैं और जिनकी धर्म में प्रीति नहीं, वे सपने में भी कैलास नहीं पहुँचते। उस पर्वत पर एक विशाल वटवृक्ष है जो सब ऋतुओं में नित्य नया और सुन्दर रहता है। वेदों ने उसे शिव का विश्रामवृक्ष कहा है। एक बार प्रभु उस वृक्ष के नीचे गए और अपने हाथ से बाघम्बर बिछाकर कृपालु शम्भु सहज भाव से बैठ गए। उनका शरीर कुन्द, चन्द्रमा और शंख जैसा गोरा है, भुजाएँ लम्बी हैं और मुनियों जैसा वल्कल पहने हैं। नखों की ज्योति भक्तों के हृदय का अन्धकार हरती है। सर्प और भस्म उनके आभूषण हैं, मुख शरद के चन्द्रमा की छवि को हरता है। जटामुकुट में गंगा, नीला कण्ठ और ललाट पर बालचन्द्र शोभित हैं।