यह समाचार पाकर निषादराज गुह ने प्रसन्न होकर बन्धुओं को बुलाया, फल और कन्द मूल के भार भरे, और अपार हर्ष से मिलने चला। दण्डवत करके भेंट आगे रखी और अनुराग से प्रभु को निहारने लगा। रघुराई ने उसे पास बैठाकर कुशल पूछी। गुह बोला कि नाथ, आपके चरणकमलों के दर्शन से ही कुशल है, आज मैं भाग्यवान हुआ। यह भूमि, धन और घर सब आपका है, मैं तो परिवार सहित नीच सेवक हूँ। कृपा कर नगर में पधारिए, जिससे सब लोग मुझसे ईर्ष्या करें। श्रीराम ने कहा, हे चतुर सखा, तुमने सब सत्य कहा, पर पिता ने मुझे दूसरी आज्ञा दी है, चौदह वर्ष मुनियों के व्रत, वेश और आहार के साथ वन में रहना है, इसलिए गाँव में रहना उचित नहीं। यह सुनकर गुह को बड़ा दुख हुआ।