बाहर निकलकर श्रीराम वसिष्ठ के द्वार पर खड़े हुए और देखा कि लोग विरह की आग में जल रहे हैं। प्रिय वचन कहकर सबको समझाया, फिर ब्राह्मणों के समूह को बुलाया। गुरु से कहकर उन्हें वर्ष भर का अन्न दिया। याचकों को दान और मान देकर सन्तुष्ट किया, पवित्र मित्रों को प्रेम से प्रसन्न किया। फिर दासियों और दासों को बुलाकर गुरु को सौंपा और हाथ जोड़कर कहा, हे स्वामी, पिता माता की तरह सबकी सार सँभाल करना। बार बार दोनों हाथ जोड़कर श्रीराम सबसे कोमल वाणी में कहते हैं कि वही सब प्रकार मेरा हितकारी है जिससे राजा सुखी रहें। हे परम प्रवीण पुरवासियो, वही उपाय करना जिससे मेरी सब माताएँ मेरे विरह में दुःख से दीन न हों।