जिन्होंने सबसे पहले जाकर यह समाचार सुनाया, उन्हें बहुत से आभूषण और वस्त्र मिले। रनिवास की स्त्रियाँ प्रेम से पुलकित होकर मंगल कलश सजाने लगीं। सुमित्रा ने मणियों से अनेक प्रकार के सुन्दर चौक पूरे। श्रीराम की माता कौसल्या आनन्द में मग्न हैं, उन्होंने ब्राह्मणों को बुलाकर बहुत दान दिया। उन्होंने ग्रामदेवी, देवताओं और नागों की पूजा की, आगे भेंट चढ़ाने का वचन दिया और विनती की कि जिस प्रकार श्रीराम का कल्याण हो, दया करके वही वर दीजिए। कोयल जैसी वाणी, चन्द्रमुखी और मृगनयनी स्त्रियाँ मंगलगीत गा रही हैं। अभिषेक की बात सुनकर नगर के सब नर-नारी हृदय से हर्षित हुए और विधाता को अनुकूल मानकर सजावट में लग गए।