ऐसा कहकर सीता अत्यन्त व्याकुल हो गईं, वियोग के वचन भी न सँभाल सकीं। उनकी दशा देखकर श्रीराम ने मन में जाना कि हठपूर्वक रखने से वे प्राण नहीं रखेंगी। तब सूर्यकुल के कृपालु स्वामी बोले, सोच छोड़कर वन साथ चलो, आज विषाद का अवसर नहीं, शीघ्र वन जाने की तैयारी करो। प्रिय वचन कहकर प्रिया को समझाया, फिर माता के चरण छुए और आशीर्वाद पाया। माता बोलीं, शीघ्र आकर प्रजा का दुःख मिटाना, इस निठुर माता को भूल न जाना। हे विधाता, क्या मेरी दशा फिर लौटेगी कि इस मनोहर जोड़ी को आँखों से देखूँगी? बेटा, वह शुभ दिन और शुभ घड़ी कब होगी जब तुम्हारी माता जीते जी तुम्हारा चन्द्रमुख देखेगी, और फिर बच्चा, लाल, रघुपति, रघुवर कहकर कब बुलाकर हृदय से लगाऊँगी और हर्षित होकर तुम्हें निहारूँगी।