श्रीराम आगे कहते हैं, हे सयानी सुमुखि, पिता का वचन सत्य करके मैं शीघ्र लौटूँगा, दिन बीतते देर नहीं लगेगी। सुन्दरी, मेरी सीख सुनो। यदि प्रेम के वश हठ करोगी तो अन्त में दुःख पाओगी। वन कठिन और अत्यन्त भयानक है, वहाँ कड़ी धूप, जाड़ा, वर्षा और आँधी है। रास्ते में कुश, काँटे और अनेक कंकड़ हैं, जिन पर बिना जूते पैदल चलना होगा; तुम्हारे चरणकमल कोमल हैं और मार्ग में बड़े बड़े पहाड़ हैं। गुफाएँ, खोह, नदियाँ, नद और नाले ऐसे अगम और गहरे हैं कि देखे नहीं जाते। भालू, बाघ, भेड़िये, सिंह और हाथी ऐसा नाद करते हैं कि धीरज भाग जाए। धरती पर सोना, वल्कल पहनना, कन्द, मूल और फल खाना, और ये भी सदा हर दिन नहीं मिलेंगे।