इसमें कोई आश्चर्य नहीं, युगों से यही चला आया है, रघुवीर ने किसे बड़ाई नहीं दी? भरत प्रेम से राम के सखा से मिलकर कुशल मंगल पूछते हैं। उनके मन में संकोच, स्नेह और आनन्द बढ़ता है और वे एकटक भरत को देखते खड़े रहते हैं। फिर धीरज धरकर चरणों की वन्दना करके वे हाथ जोड़कर प्रेम से विनती करते हैं। कुशल के मूल आपके चरण कमल देखकर मैंने तीनों कालों में अपनी कुशल मान ली। अब हे प्रभु, आपके परम अनुग्रह से करोड़ों पीढ़ियों सहित मेरा मंगल है। मेरी करनी और कुल समझकर और प्रभु की महिमा देखकर भी जो रघुवीर के चरण नहीं भजता, वह विधाता से ठगा गया है।