भरत अत्यन्त प्रीति से गुह से मिलते हैं, लोग प्रेम की इस रीति पर ललचाते हैं। जो लोक और वेद दोनों में सब प्रकार नीचा माना जाता है, जिसकी छाया छू जाने पर भी जल छिड़का जाता है, उसे राम के छोटे भाई अंक में भरकर मिलते हैं और उनका शरीर पुलक से भर जाता है। जो जँभाई लेते हुए भी राम राम कहते हैं, पापों के समूह उनके सामने नहीं आते। इसे तो श्रीराम ने हृदय से लगाया और कुल सहित जगत को पावन करने वाला बना दिया। कर्मनाशा का जल गंगा में मिल जाए, तो कहिए उसे कौन सिर पर नहीं रखता? श्वपच, शबर, खस, यवन, कोल और किरात भी राम कहते ही परम पावन और जगत में प्रसिद्ध हो जाते हैं।