नेत्र भरकर शोभा निहारकर सीता को पिता का प्रण याद आया और मन फिर क्षुब्ध हो गया। हाय, पिताजी ने कठोर हठ ठान लिया है, लाभ और हानि कुछ नहीं समझते। मंत्री भी समय पर सीख नहीं देते, विद्वानों की सभा में यह बड़ा अनुचित है। कहाँ वज्र से कठोर धनुष और कहाँ कोमल साँवले किशोर। हे विधाता, धीरज कैसे धरूँ, क्या सिरस के फूल से हीरा छेदा जाता है। सारी सभा की बुद्धि भोली हो गई है, हे शिव-धनुष, अब तुम्हारा ही सहारा है, अपनी जड़ता लोगों पर डालकर रघुनाथ को देखकर हल्के हो जाओ। पल पल सौ युगों जैसा बीतता है। वे प्रभु को देखकर धरती देखती हैं, मानो चंद्रमंडल में कामदेव की दो मछलियाँ खेल रही हों।