हे नाथ, ठीक है, कहकर आज्ञा सिर पर धरकर राजा घोड़े को पेड़ से बाँधकर बैठ गए। फिर कोमल सुहावनी वाणी में बोले, हे प्रभु, आपको पिता जानकर ढिठाई करता हूँ, हे मुनीश, मुझे पुत्र और सेवक जानकर अपना नाम बताइए। राजा ने उसे नहीं पहचाना, पर उसने राजा को पहचान लिया था। राजा सरल हृदय थे और वह कपट में चतुर था। एक तो वैरी, फिर क्षत्रिय, फिर राजा, वह छल बल से अपना काम निकालना चाहता था। उसकी छाती कुम्हार के आँवे सी सुलग रही थी। राजा के सरल वचन सुनकर, वैर याद करके वह मन में प्रसन्न हुआ। कपट में डुबोई कोमल वाणी में युक्ति से बोला, अब मेरा नाम भिखारी है, मैं निर्धन और गृहहीन हूँ।