शतरूपा के कोमल, गूढ़ और सुन्दर वचन सुनकर कृपासिन्धु कोमल वाणी में बोले, तुम्हारे मन में जो कुछ रुचि है, वह सब मैंने दे दिया, इसमें संशय नहीं। हे माता, मेरी कृपा से तुम्हारा अलौकिक विवेक कभी नहीं मिटेगा। तब मनु ने एक और विनती की। आपके चरणों में मेरी प्रीति वैसी हो जैसी पुत्र में होती है, चाहे कोई मुझे बड़ा मूढ़ ही क्यों न कहे। जैसे मणि बिना साँप और जल बिना मछली, वैसे ही मेरा जीवन आपके अधीन रहे। यह वर माँगकर वे चरण पकड़े रहे, और करुणानिधि ने कहा, ऐसा ही हो। अब मेरी आज्ञा मानकर इन्द्र की राजधानी में जाकर बसो। वहाँ बहुत भोग भोगकर, कुछ काल बीतने पर तुम अवध के राजा होगे, तब मैं तुम्हारा पुत्र बनूँगा।