कृपासिन्धु ने देखा कि लोग अपने स्नेह और इन्द्र के भारी छल से दुःखी हैं। सारी सभा की बुद्धि को भरत की भक्ति ने बाँध रखा है। वे चित्र में लिखे से राम को देखते हैं। भरत की प्रीति, नम्रता, विनय और बड़ाई सुनने में सुखद और कहने में कठिन है। जिनकी भक्ति का लेश देखकर मुनिगण और मिथिलेश प्रेम में मग्न हो गए, उनकी महिमा तुलसी कैसे कहे? भक्ति के कारण सुमति हृदय में हुलसती तो है, पर अपने को छोटा और महिमा को बड़ा जानकर सकुचा जाती है; उसकी गति बालक के वचनों जैसी है। भरत का निर्मल यश निर्मल चन्द्रमा है, जो भक्तों के हृदय रूपी आकाश में उदित है, और सुमति चकोरी उसे एकटक निहार रही है।