धीरज धरकर निषाद कहता है, सुमन्त्रजी, विषाद छोड़िए; आप पण्डित और परमार्थ के ज्ञाता हैं, विधाता को विपरीत देखकर धैर्य रखिए। कोमल वाणी में समझाकर वह उन्हें बरबस रथ पर बैठाता है। पर शोक से शिथिल सुमन्त्र रथ नहीं हाँक पाते। घोड़े छटपटाते हैं, मानो वन के हिरन रथ में जोते गए हों; ठोकर खाकर गिरते हैं और मुड़ मुड़कर पीछे देखते हैं। जो कोई राम, लक्ष्मण या वैदेही का नाम लेता है, उसी की ओर हिनहिनाकर देखते हैं। उनकी दशा मणि खोए साँप जैसी है। दोहे में यह देखकर निषाद शोक के वश हो गया और चार अच्छे सेवक सारथी बनाकर साथ भेज दिए।