वाल्मीकि आगे कहते हैं। जो प्रभु को अर्पित सुगन्ध आदर से ग्रहण करते हैं, आपको निवेदित भोजन ही करते हैं और प्रसाद रूपी वस्त्र और आभूषण पहनते हैं; जो देवता, गुरु और ब्राह्मण को देखकर प्रेम से सिर नवाते हैं; जिनके हाथ नित श्रीराम के चरण पूजते हैं और हृदय में दूसरा भरोसा नहीं; जिनके पाँव राम के तीर्थों को चलते हैं, उनके मन में बसिए। जो नित आपके मन्त्रराज का जप करते हैं, परिवार सहित आपकी पूजा करते हैं, तर्पण और होम करते हैं, ब्राह्मणों को जिमाकर दान देते हैं, और गुरु को आपसे भी बड़ा मानकर सेवा करते हैं; जो यह सब करके एक ही फल माँगते हैं कि श्रीराम के चरणों में प्रीति हो, उनके मनमन्दिर में सीता और रघुनन्दन दोनों बसें।